राज्यभर में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल, बेगूसराय मॉडल की सफलता के बाद पूरे बिहार में लागू होगी व्यवस्था
बेगूसराय। 14 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत बेगूसराय को बिहार का पहला ‘डिजिटल हेल्थ मॉडल जिला’ घोषित करते हुए इसकी औपचारिक शुरुआत की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के सहयोग से बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति (BSSS) और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उद्घाटन कार्यशाला के माध्यम से इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ हुआ। इस मॉडल की सफलता के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे बिहार में लागू किया जाएगा।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ: कार्यशाला का उद्घाटन बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह राज्य मिशन निदेशक (ABDM) अरविंद कुमार वर्मा, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पौधा एवं पुस्तक भेंट कर किया गया। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने स्वागत भाषण में कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों और हितधारकों का समन्वित सहयोग आवश्यक है। वहीं उप विकास आयुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डीएम बोले- नागरिकों को मिलेगी पारदर्शी और आसान स्वास्थ्य सेवा: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुगम और नागरिक-केंद्रित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बेगूसराय को बिहार का सर्वश्रेष्ठ डिजिटल स्वास्थ्य मॉडल जिला बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा। राज्य मिशन निदेशक अरविंद कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन देश की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहलों में से एक है, जिसके माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित, एकीकृत और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बेगूसराय का मॉडल पूरे बिहार के लिए मार्गदर्शक साबित होगा।
दिल्ली से NHA निदेशक ने की सराहना: नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के निदेशक डॉ. पंकज कुमार अरोड़ा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए बिहार सरकार और बेगूसराय जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘ABDM मॉडल जिला-बेगूसराय’ भविष्य में देश के अन्य राज्यों और जिलों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल बनेगा।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की तकनीक पर हुआ मंथन: तकनीकी सत्र में बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के प्रशासी पदाधिकारी शैलेश चन्द्र दिवाकर तथा ABDM बिहार की संयुक्त निदेशक (समन्वय) अनीसा सक्सेना ने मिशन की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान ABHA आईडी, हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR), इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR), डिजिटल हेल्थ इंसेंटिव स्कीम (DHIS) और ई-शुश्रुत क्लिनिक जैसी डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अत्याधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य तकनीकों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यशाला में भारतीय चिकित्सा संघ (IMA), बिहार मेडिकल काउंसिल, सरकारी एवं निजी अस्पतालों के चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।
बेगूसराय ने बनाए डिजिटल स्वास्थ्य के नए रिकॉर्ड: डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बिहार और बेगूसराय दोनों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बिहार में अब तक:6.5 करोड़ से अधिक ABHA अकाउंट, 7.92 करोड़ से अधिक इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (EHR), 37,654 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों का HFR पंजीकरण, बेगूसराय में:19.49 लाख से अधिक ABHA अकाउंट, 23.59 लाख से अधिक इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड, 19.84 लाख से अधिक Scan & Share टोकन, 1,010 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों का HFR पंजीकरण,
पूरे बिहार के लिए बनेगा रोल मॉडल: कार्यशाला के समापन पर यह संकल्प लिया गया कि सभी विभागों, स्वास्थ्य संस्थानों और हितधारकों के समन्वित प्रयासों से बेगूसराय को न केवल बिहार, बल्कि देश के अग्रणी डिजिटल हेल्थ मॉडल जिलों में शामिल किया जाएगा। यह पहल भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक तेज, सुरक्षित, पारदर्शी और मरीजों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।






Total views : 94681