बेगूसराय | 29 जुलाई | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाले बाबा हरिगिरि धाम श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और जिला पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 3, 10, 17 एवं 24 अगस्त की सोमवारी पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। अंतिम दो सोमवारी में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश के तहत काँवरिया मार्गों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा बल, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष, गुमशुदा सहायता केंद्र, अलग कतार व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा दल, एम्बुलेंस तथा अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था की गई है।
गुमशुदा केंद्र की जिम्मेदारी अंचल अधिकारी, गढ़पुरा लवकुश कुमार को सौंपी गई है, जबकि विभिन्न मार्गों पर बाइक गश्ती भी तैनात रहेगी। मेला संचालन एवं समन्वय के लिए उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्त्ता बृजकिशोर चौधरी तथा अपर समाहर्त्ता (विभागीय जांच) महेश्वर प्रसाद सिंह को वरीय प्रभार दिया गया है।वहीं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बखरी पूरे मेला क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण जलाभिषेक प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित काँवरिया मार्गों का उपयोग करने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।








Total views : 96927