बेगूसराय। 27 सितंबर2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बेगूसराय की 66वीं वार्षिक साधारण आमसभा एवं सम्मान समारोह शनिवार को कंकौल स्थित आर्ट गैलरी में आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिलेभर के पैक्स अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, निदेशक, व्यापार मंडल के अधिकारी एवं सदस्य, बैंक के प्रबंध निदेशक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अध्यक्ष ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं: कार्यक्रम में बैंक के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि खाद का लाइसेंस लेने और खाद व्यवसाय शुरू करने के लिए पैक्स को 6-6 लाख रुपये तक का KCC ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, पैक्स के माध्यम से किसानों को खेती करने के लिए 5-5 लाख रुपये तक का KCC ऋण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में ऑर्गेनिक खेती करने के इच्छुक किसानों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा और ऐसे किसानों को 5 लाख रुपये तक का KCC ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

पैक्स अध्यक्षों एवं सदस्यों को किया गया सम्मानित: कार्यक्रम के पहले सत्र में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिले के पैक्स अध्यक्षों एवं सदस्यों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर बैंक के उपाध्यक्ष कमल किशोर सिंह सहित बैंक के अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आमसभा में उठे कई मुद्दे: आमसभा के दौरान कई पैक्स सदस्यों ने बैंक अधिकारियों के क्रियाकलापों को लेकर अपनी आपत्तियां और समस्याएं सामने रखीं। कुछ सदस्यों ने पैक्स अध्यक्षों को पर्याप्त अधिकार नहीं दिए जाने का मुद्दा भी उठाया।
वहीं, धान अधिप्राप्ति को लेकर भी आमसभा में विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि धान अधिप्राप्ति के बाद किसानों को भुगतान तो मिल जाता है, लेकिन पैक्स को समय पर राशि का भुगतान नहीं होने से उनके व्यवसाय में परेशानी होती है। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण पैक्स के खाते NPA होने की समस्या भी सामने आ रही है।
पूर्व बजट को सर्वसम्मति से मिली मंजूरी: कार्यक्रम के अंत में बैंक अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार सिंह और उपाध्यक्ष कमल किशोर सिंह की मौजूदगी में आमसभा के सदस्यों ने हाथ उठाकर पूर्व बजट को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इस दौरान बैंक प्रबंधन एवं पैक्स प्रतिनिधियों के बीच सहकारिता व्यवस्था, किसानों को ऋण उपलब्ध कराने और पैक्स के व्यवसाय को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।





Total views : 108562