बेगूसराय। 20 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कमरउद्दीनपुर गांव भी बाढ़ के पानी से घिरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित है। ऐसे कठिन समय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने सेवा एवं सहायता अभियान चलाकर बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद की। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कमरउद्दीनपुर गांव में घर-घर पहुंचकर 110 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच सूखा राशन किट वितरित किया। राशन किट में चूड़ा, बिस्किट, गुड़ और मिक्सचर सहित जरूरत की सामग्री शामिल थी। इसके साथ ही 100 छोटे बच्चों के बीच नए वस्त्र भी वितरित किए गए।
आपदा के समय समाज के साथ खड़ा होना विद्यार्थी परिषद का दायित्व: अभियान के दौरान मौजूद अभाविप के प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का मूल मंत्र ‘ज्ञान, शील, एकता’ है। उन्होंने कहा कि जब समाज किसी आपदा से गुजरता है, तब विद्यार्थी समाज के साथ खड़े होने का प्रयास करते हैं। विद्यार्थी परिषद केवल शैक्षणिक परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक संकट के समय भी अपनी जिम्मेदारी निभाती है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजीत कुमार और प्रांत सोशल मीडिया सहसंयोजक मनीष कुमार ने बताया कि अभाविप के कार्यकर्ता पिछले तीन दिनों से लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रहे थे। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों की सूची तैयार की गई, ताकि राहत सामग्री वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा सके।
आगे दवा वितरण की भी तैयारी: कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे नगर मंत्री सिद्धार्थ एवं सह-मंत्री प्रहलाद ने बताया कि सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले चरण में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच दवा वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कोऑपरेटिव कॉलेज अध्यक्ष अभिषेक कुमार और SFS प्रमुख सचिन कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद समाज के प्रत्येक वर्ग को अपना मानकर सेवा कार्य करती है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल छात्र हितों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के लोगों के साथ खड़ा होना भी है। नगर खेलो भारत संयोजक प्रेम कुमार एवं अनमोल कुमार ने कहा कि अभाविप के कार्यकर्ता प्रत्येक वर्ष बाढ़, अग्निकांड और अन्य आपदाओं के समय सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। इस अवसर पर मंतोष, मनीष, कुंदन, रवि सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Total views : 106877