बेगूसराय, 5 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ: जनगणना 2027 के सफल संचालन की दिशा में बेगूसराय जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन में मंगलवार से बेगूसराय सदर प्रखंड में ‘हाउस लिस्टिंग’ कार्य का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। इससे पहले नक्शा निर्माण का कार्य पूरा किया जा चुका है, जिसके बाद अब प्रत्येक परिवार और आवासीय इकाई का विस्तृत विवरण संकलित किया जा रहा है।
पंचायतों में जाकर किया निरीक्षण: इस क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर कार्य की शुरुआत कराई। उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया का जायजा लिया तथा यह सुनिश्चित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
समस्याओं का त्वरित समाधान: निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने हैबतपुर, जीनेदपुर, रजौरा, सांख, मोहनपुर एवं शाहपुर पंचायतों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणकों से संवाद स्थापित कर जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका तत्काल समाधान कराया, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश: जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ संपन्न करें। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें, जिससे सटीक और विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें। इस अवसर पर प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सुजान कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जनगणना 2027: बेगूसराय सदर में पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, बीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जनगणना एवं सर्वे कार्य के सुचारू संचालन को लेकर बेगूसराय सदर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। बीडीओ रविशंकर कुमार ने जानकारी दी कि हैवतपुर पंचायत के एचएलबी 5 एवं 6 में प्रभार अधिकारी, सहायक प्रभार अधिकारी, पर्यवेक्षक और प्रगणक तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया है कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही, कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए संबंधित पदाधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। वहीं, आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही और पूर्ण जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।








Total views : 84591