बेगूसराय, 2 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बेगूसराय द्वारा अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर संयुक्त श्रम भवन परिसर, पन्हांस में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ: कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम न्यायालय के पीठासीन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, कारखाना निरीक्षक प्रवीण कुमार, श्रम अधीक्षक रवीश कुमार सहित अन्य अधिकारियों और श्रमिक प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने अतिथियों एवं श्रमिकों का स्वागत किया।
श्रमिकों को दी गई योजनाओं की विस्तृत जानकारी: कार्यक्रम की शुरुआत में पीठासीन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने विषय प्रवेश कराया। इसके बाद श्रम अधीक्षक एवं सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने विभिन्न श्रम कानूनों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसका उद्देश्य था कि श्रमिक अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर: कारखाना निरीक्षक प्रवीण कुमार ने कारखाना अधिनियम, 1948 के तहत श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। वहीं, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि एवं जिला परिषद सदस्य श्री अंजनी कुमार सिंह (CITU) ने भी श्रमिकों को जागरूक करते हुए अपने विचार साझा किए।
उत्कृष्ट श्रमिकों को किया गया सम्मानित: कार्यक्रम के दौरान मे० सुधा डेयरी, बरौनी और प्रिंस पाइप फिटिंग्स लिमिटेड, बरौनी द्वारा क्रमशः 26 और 6 श्रमिकों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर वैशाली समाज कल्याण संस्थान के राजनंदन रंजन ने भी अपने अनुभव साझा किए।
श्रम अधीक्षक ने दी महत्वपूर्ण सलाह: श्रम अधीक्षक रवीश कुमार ने अपने संबोधन में सभी संवेदकों से ठेका मजदूर अधिनियम, 1970 के तहत अनिवार्य निबंधन कराने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस कार्य करने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रवासी श्रमिकों से अपने आवागमन का पंजीकरण पोर्टल पर कराने का अनुरोध किया, ताकि आपात स्थिति में उन्हें त्वरित सहायता मिल सके। कार्यक्रम का समापन श्रम अधीक्षक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। पूरे आयोजन का उद्देश्य श्रमिकों को जागरूक करना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।







Total views : 83892