बेगूसराय | 25 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के कार्यानंद भवन में बिहार किसान सभा की जिला स्तरीय बैठक जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी आंदोलन की रणनीति तय की गई।
सरकार पर कॉरपोरेट हित साधने का आरोप: बैठक को संबोधित करते हुए बिहार किसान सभा के महासचिव रामचंद्र महतो ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कॉरपोरेट घरानों के हित में नीतियां बना रही है, जिससे किसानों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
फसल मूल्य और मुआवजा बना मुख्य मुद्दा: नेताओं ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसके साथ ही फसल क्षति का मुआवजा भी समय पर नहीं दिया जा रहा है। वहीं, खेती में उपयोग होने वाले बीज, खाद और अन्य संसाधनों की कीमतों में लगातार वृद्धि से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है।
25 मई को प्रदर्शन का निर्णय: बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 मई को पूरे बिहार के जिला मुख्यालयों पर किसान सभा द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। बेगूसराय में इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए कम से कम 2500 किसानों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संगठन विस्तार और जनसंपर्क पर जोर: किसान सभा के जिला मंत्री दिनेश सिंह ने बताया कि प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अंचल स्तर पर बैठकें, सदस्यता अभियान और पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की भी योजना बनाई गई है।
कई नेताओं ने किया संबोधित: बैठक में सीपीआई जिला मंत्री एवं पूर्व विधायक अवधेश कुमार राय सहित पूर्व विधायक राम रतन सिंह, राजेंद्र चौधरी, कृष्ण कुमार डब्ल्यू, चंद्रभूषण सिंह जुलुम, पवन कुमार, राजकुमार चौधरी, रामकुमार सिंह, सुधीर महतो, जितेंद्र जीतू, रामनरेश चौधरी, अमरेंद्र चौधरी, संतोष चौधरी, सुनील सिंह, अशोक सिंह और रामचंद्र पासवान सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे।







Total views : 82549