बेगूसराय/समस्तीपुर | 25 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
गर्मी से मिलेगी आंशिक राहत: इन दिनों पूरे बिहार में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि इस तपिश के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम वैज्ञानिक अबुल सत्तार के अनुसार, 27 से 29 अप्रैल के बीच उत्तर बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना: पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में आसमान में गरज वाले बादल बन सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसके साथ ही बारिश के दौरान तेज हवा चलने का अनुमान है, जिसकी अधिकतम रफ्तार लगभग 24 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
तापमान अब भी रहेगा ऊंचा: मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में यह 42 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
आर्द्रता और हवा की स्थिति: इस दौरान सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 55 से 60 प्रतिशत और दोपहर में 15 से 20 प्रतिशत रहने की संभावना है। औसतन 10 से 12 किमी/घंटा की रफ्तार से पूर्वा हवा चलने का अनुमान है, जो मौसम में हल्का बदलाव ला सकती है।
पूसा कृषि विश्वविद्यालय ने जारी किए ताजा आंकड़े: वहीं, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा (समस्तीपुर) के अनुसार 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। सुबह 7 बजे सापेक्ष आर्द्रता 91 प्रतिशत और दोपहर 2 बजे 34 प्रतिशत दर्ज की गई। वाष्पोत्सर्जन 5.2 मिमी रहा, जबकि हवा की गति 2.6 किमी/घंटा और दिशा दक्षिण रही।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह: विशेषज्ञों ने लोगों को तेज गर्मी और बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर किसानों और आम लोगों को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।







Total views : 82551