बेगूसराय | 06 मार्च 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) नई दिल्ली के निर्देश तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पटना के तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत व्यवहार न्यायालय बेगूसराय के साथ-साथ अनुमंडलीय न्यायालय बलिया, बखरी, मंझौल, तेघड़ा तथा रेलवे न्यायालय बरौनी में एक साथ आयोजित होगी। इसमें विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह और समझौते के आधार पर त्वरित निपटारा किया जाएगा।
लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामले, बैंक ऋण वसूली विवाद, बिजली-पानी बिल से जुड़े मामले, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, मोटर दुर्घटना दावा (MACT), राजस्व वाद तथा माप-तौल और वन अधिनियम से जुड़े मामलों का समाधान किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का निःशुल्क और आपसी सहमति से समाधान कराएं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।







Total views : 73026