बेगूसराय | 22 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
एचआईवी रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति:
बेगूसराय जिले में उच्च जोखिम समूहों में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम को लेकर उनकी पहचान का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में गुरुवार को सदर अस्पताल, बेगूसराय में पीएमपीएसई कार्यक्रम के तहत समुदाय सलाहकार समिति की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार ने की।
अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा: बैठक में अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही शेष बचे सर्वेक्षण को शीघ्र पूरा कर बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति को प्रतिवेदन सौंपने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी 18 प्रखंडों में उच्च जोखिम समूहों की पहचान का कार्य पूरा कर लिया गया है।
अंतिम सर्वे और आगे की कार्ययोजना: नेटवर्क ऑपरेटर मोड का सर्वेक्षण आगामी 2 से 3 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद समुदाय सलाहकार समिति की तृतीय एवं अंतिम बैठक में रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा। जिला स्तर से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर राज्य स्तरीय कार्य योजना तैयार कर राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन को भेजी जाएगी। स्वीकृति के बाद जिले में सभी लक्षित समूहों के बीच व्यापक जागरूकता एवं रोकथाम कार्यक्रम चलाया जाएगा।
इनकी रही सहभागिता: बैठक में सहायक निदेशक बाल कल्याण वासुदेव कश्यप, टेक्निकल एक्सपर्ट दिशा अजय बरनवाल, प्रभारी डीआईएस संतोष कुमार संत, एआरटी के आशीष पाठक, एसटीडी परामर्शदाता राहुल श्री, लैब टेक्नीशियन शंभू दास, परियोजना प्रबंधक पौरुष कुमार, परामर्शदात्री विशाखा कुमारी सहित लिंक वर्कर स्कीम के कार्यकर्ताओं एवं समिति सदस्यों ने अपने विचार रखे।







Total views : 75819