बेगूसराय |12 जनवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) बेगूसराय इकाई द्वारा भव्य स्वामी विवेकानंद संदेश यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और सामाजिक दायित्व की भावना को जागृत करना रहा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एसबीएसएस कॉलेज से जीडी कॉलेज तक गूंजी युवा चेतना: संदेश यात्रा की शुरुआत एसबीएसएस कॉलेज से हुई, जो स्वामी विवेकानंद चौक, अंबेडकर चौक, कपूरी स्थान और पटेल चौक होते हुए जीडी कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत”, “युवा शक्ति – राष्ट्र शक्ति” और “स्वामी विवेकानंद अमर रहें” जैसे नारों से शहर का वातावरण ओज और ऊर्जा से भर उठा। हाथों में तिरंगा और विवेकानंद के विचारों वाले बैनर-पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी प्रासंगिक : अजीत चौधरी: प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के युवाओं के लिए पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत सफलता के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के उत्थान में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विवेकानंद का जीवन आत्मबल, अनुशासन और सेवा की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रीय युवा दिवस आत्ममंथन का अवसर : अजय कुमार:
पूर्व कार्यकर्ता अजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि युवाओं के लिए आत्ममंथन और दिशा तय करने का अवसर है। स्वामी विवेकानंद ने विश्व मंच पर भारत की सांस्कृतिक पहचान को गौरवान्वित किया, जिसे आगे बढ़ाना आज के युवाओं की जिम्मेदारी है।
एबीवीपी का लक्ष्य नेतृत्व और राष्ट्रबोध का विकास: जिला संयोजक कमल कश्यप और जिला मीडिया संयोजक अमन कुमार ने कहा कि एबीवीपी निरंतर छात्रहित, समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करती रही है। संगठन का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का विकास करना है। नगर उपाध्यक्ष डॉ. अजित कुमार एवं नगर मंत्री अजित कुमार ने ऐसे आयोजनों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
युवाओं की बड़ी भागीदारी, संकल्प के साथ समापन: प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्की कुमारी सहित एबीवीपी के कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में लगभग 300 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संदेश यात्रा के समापन पर जीडी कॉलेज परिसर में संक्षिप्त सभा आयोजित कर स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में अपनाने और जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिसे शहरवासियों ने भी सराहा। कार्यक्रम को जीडी कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार, नगर सह मंत्री प्रहलाद कुमार, कोऑपरेटिव कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार, नगर सह मंत्री सूरज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रांत सह छात्रा प्रमुख संगीता कुमारी, सह छात्रा प्रमुख शिवानी कुमारी, सोशल मीडिया संयोजक मनीष कुमार, राकेश, जूही, सिमरन, रौशन, सूरज, अमित, अमृता, लक्की, जागृति, सिद्धि, ऋचा, विवेक, कुलदीप, हिमांशु, केशव, सुनील बजरंगी, मुस्कान, कुणाल, छोटू, कौशिक, अंकित, रूमन , रामानुज कुमार, हेमंत कुमार, काजल, निशु, सुरुचि, सिंटू, अंकित राज, रितु राज, यशवंत, हिमांशु, सुनील, सनी , केशव, कृष्णा, राहुल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





Total views : 75832