बेगूसराय | 7 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सोनपुर रेल मंडल के डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) अमित शरण शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बेगूसराय पहुंचे। आगमन के बाद उन्होंने बेगूसराय रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की स्थिति, सर्कुलेटिंग एरिया और चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

स्टेशन परिसर में 10 एनएफआर स्टॉलों का उद्घाटन : निरीक्षण के उपरांत डीआरएम अमित शरण ने स्टेशन परिसर में स्थापित एनएफआर (नॉन फेयर रेवेन्यू) के 10 स्टॉलों का उद्घाटन किया। इन स्टॉलों के शुरू होने से यात्रियों को खाद्य पदार्थ, दैनिक उपयोग की सामग्री और अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एनएफआर स्टॉल रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।

ZRUCC सदस्य ने रखी बेगूसराय से जुड़ी प्रमुख मांगें: इसी क्रम में ZRUCC (जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी) के सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा ने डीआरएम से मुलाकात कर बेगूसराय रेलवे स्टेशन एवं जिले से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बेगूसराय बिहार का एक प्रमुख औद्योगिक जिला होने के बावजूद रेल सुविधाओं के क्षेत्र में अभी अपेक्षित विकास से वंचित है।

हावड़ा और मुंगेर के लिए सीधी ट्रेन सहित कई अहम प्रस्ताव: दिलीप कुमार सिन्हा ने बेगूसराय से हावड़ा के लिए सीधी ट्रेन सेवा, बेगूसराय से मुंगेर के लिए नई रेल सेवा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या 3 एवं 4 के निर्माण तथा लंबे समय से लंबित लोहिया नगर लाइट ओवर ब्रिज (फुट/लाइट ओवर ब्रिज) के शीघ्र निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि लोहिया नगर क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों लोग रेल लाइन पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
लोहिया नगर लाइट ओवर ब्रिज दो माह में शुरू होगा : डीआरएमडीआरएम अमित शरण ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लोहिया नगर लाइट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य आगामी दो माह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बेगूसराय से हावड़ा और मुंगेर के लिए नई ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे के उच्च स्तर पर विचाराधीन हैं और जल्द ही इस दिशा में सार्थक व सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
डीआरएम के आश्वासन से लोगों में जगी नई उम्मीद: डीआरएम के आश्वासन के बाद स्थानीय नागरिकों, रेल यात्रियों और जनप्रतिनिधियों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि यदि ये घोषणाएं धरातल पर उतरती हैं, तो बेगूसराय रेलवे स्टेशन का समग्र विकास होगा और जिले की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।







Total views : 68939










