बेगूसराय, 21 सितम्बर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भीम आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर रविवार को बिहार के सभी जिलों में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसी क्रम में बेगूसराय जिला में प्रदेश उपाध्यक्ष बहन ममता बौद्ध के नेतृत्व में कर्मचारी भवन, कैंटिन चौक पर बैठक सम्पन्न हुई।
जिला कमिटी की समीक्षा और आगामी चुनावी रणनीति : बैठक में जिला कमिटी के कार्यों की समीक्षा करते हुए उनकी उपलब्धियों और कमियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष विमर्श हुआ। सातों विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों के नाम पर विचार हुआ, जिनमें बेगूसराय विधानसभा से जिला अध्यक्ष विकाश कुमार आजाद, बछवाड़ा विधानसभा से राजवंशी तांती, साहेबपुर कमाल विधानसभा से राम प्रवेश पासवान का नाम प्रमुख रूप से सामने आया।
नए साथियों का संगठन में स्वागत: बैठक में दो नए साथियों को संगठन से जोड़ा गया। खोदवंदपुर प्रखंड अध्यक्ष के रूप में ब्रजेश कुमार, बछवाड़ा विधानसभा प्रभारी के रूप में राजवंशी तांती को मनोनीत किया गया। दोनों नेताओं ने बहुजन महापुरुषों की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और भीम आर्मी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ताओं में उत्साह और भरोसा: बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जिला अध्यक्ष विकाश कुमार आजाद ने कहा कि बहुजनों का भरोसा चंद्रशेखर आजाद की नेतृत्व क्षमता पर है। जिस तरह वे गरीबों और शोषितों की आवाज सड़क से लेकर सदन तक उठाते हैं, उसी प्रकार आने वाले दिनों में आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी बहुजनों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरेगी।






Total views : 68936










