
वर्तमान में 146 बेगूसराय विधान सभा में कुल 330 मतदान केन्द्र है जबकि 144 मटिहानी विधान सभा में पूर्व से कुल 348 मतदान केन्द्र है।
बेगूसराय। 23 जून 2025
आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर जिला पदाधिकारी, बेगूसराय तुषार सिंगला के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय सदर सह निर्वाची पदाधिकारी 146 अनिल कुमार द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी सौरव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी बेगूसराय सदर रवि शंकर कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी वीरपुर, अंचल अधिकारी वीरपुर सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 146 बेगूसराय विधान सभा में कुल 330 मतदान केन्द्र है। चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में 1200 से अधिक मतदाता रहने पर अलग मतदान केन्द्र बनाना है। उन्होंने बताया कि बेगूसराय विधान सभा में कुल 151 ऐसे मतदान केन्द्र है, जिसमें 1200 से अधिक मतदाता है, उनमें से 87 पूर्व के मतदान केन्द्र जहां 1200 से कम मतदाता है, वहां टैग किया जा रहा है। साथ ही 58 मतदान केन्द्र उसी स्थान पर नया बनाया जा रहा है एवं 6 नये स्थान पर मतदान केन्द्र बनाने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी राजनैतिक पाटी से सभी बूथों पर बीएलए-2 की प्रतिनियुक्ति करने का अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्र में बीएलओ को कार्य करने में आसानी हो। उन्होंने बताया कि बेगूसराय विधान सभा में कुल 3 लाख 70 हजार 941 मतदाता है, जिसमें से 1 लाख 95 हजार 595 पुरूष, 1लाख 75 हजार 340 महिला एवं 6 थर्ड जैंडर शामिल है। बेगूसराय विधान सभा का जेंडर अनुपात 896 रहने पर उन्होंने सभी राजनैतिक दलों को नये महिला मतदाताओं ने नाम जोड़ने में सहयोग करने की अपील की।एसडीओ ने पिछले चुनाव में जहाँ-जहाँ मतदान का प्रतिशत कम था, वहां पर स्वीप एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने की बात कहीं है। ताकि आगामी बिहार विधान सभा चुनाव में वीटीआर बढ़ सकें।वहीं दूसरी ओर भूमि सुधार उप समाहर्ता मटिहानी सह निर्वाची पदाधिकारी 144 मटिहानी अभिषेक राज की अध्यक्षता में भी सभी राजनैतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसीएलआर द्वारा बताया गया कि मटिहानी विधान सभा में पूर्व से कुल 348 मतदान केन्द्र है, 1200 मतदाता से अधिक रहने पर 71 नया मतदान केन्द्र बनाया जा रहा है। वहीं मटिहानी में कुल 3 लाख 72 हजार 675 मतदाता है। जिसमें से पुरूष मतदाता 1 लाख 96 हजार 677, महिला मतदाता 1 लाख 75 हजार 995 एवं थर्ड जेंडर 3 है। साथ ही जेंडर अनुपात मटिहानी विधान सभा का 895 है।