बेगूसराय। 1 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य डाटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा के राज्यव्यापी आह्वान पर रविवार को बेगूसराय में डाटा एंट्री ऑपरेटरों एवं अन्य संविदाकर्मियों ने राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण रोड मार्च एवं विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोग्रामर, स्टेनोग्राफर, आईटी कर्मी सहित सैकड़ों संविदाकर्मी शामिल हुए।
रोड मार्च कैंटीन चौक से शुरू होकर नवाब चौक, नगर निगम चौक होते हुए हड़ताली चौक पहुंचा, जहां प्रदर्शन का समापन हुआ। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
मौके पर जिला अध्यक्ष नीलेश कुमार झा ने कहा कि डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं अन्य संविदाकर्मी वर्षों से विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे सरकारी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें स्थायी सरकारी कर्मचारियों के समान अधिकार और सम्मान नहीं मिल रहा है। सरकार को उनकी एकल मांग राज्यकर्मी का दर्जा देने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
जिला कोषाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि यह आंदोलन केवल अधिकार की लड़ाई नहीं, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा संघर्ष है। जिला उपाध्यक्ष रवि भूषण ने कहा कि संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन कर्मचारियों की एकता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं, महिला संयोजक पिंकू कुमारी ने कहा कि महिला कर्मियों सहित सभी संविदाकर्मियों को सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य का अधिकार मिलना चाहिए। जिला मीडिया प्रभारी रंजन कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण रोड मार्च के माध्यम से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया गया है। कर्मचारी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
प्रदर्शन के माध्यम से बिहार सरकार से मांग की गई कि वर्षों से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोग्रामर, स्टेनोग्राफर एवं अन्य संबंधित संविदाकर्मियों की सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें अविलंब राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान किया जाए।
इस मौके पर मनोज कुमार, ब्रजेश कुमार, कन्हैया कुमार, नितेश कुमार, साविक अनवर, राहुल कुमार, प्रवीण कुमार, पूजा कुमारी, नवनीता कुमारी, माया कुमारी, मिस्टी, छोटी, निशा जिज्ञाशू, रवि, राजा, छोटू, मिथुन, राजीव, संतोष और सूरज सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद थे।






Total views : 114248