बेगूसराय। 22 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के बेरोजगार एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवक-युवतियों के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, बेगूसराय द्वारा 25 सितंबर 2026 को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा।
यह जिला स्तरीय नियोजन मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), वीर कुँवर सिंह चौक, पन्हास, बेगूसराय परिसर में आयोजित होगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
22 कंपनियों के शामिल होने की संभावना: जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार मेले में निजी क्षेत्र के राज्य एवं राज्य के बाहर के करीब 22 नियोजकों/कंपनियों के शामिल होने की संभावना है। कंपनियां अपनी आवश्यकता के अनुसार अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी।चयनित अभ्यर्थियों को ऑन-स्पॉट रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही रोजगार के इच्छुक युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
8वीं पास से स्नातक और तकनीकी योग्यताधारी ले सकेंगे भाग: नियोजन मेले में न्यूनतम 8वीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक एवं अन्य तकनीकी योग्यता रखने वाले रोजगार इच्छुक युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी रोजगार इच्छुक युवक-युवतियों से निर्धारित तिथि और समय पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, बेगूसराय के फोन नंबर 06243-464889 पर संपर्क किया जा सकता है।






Total views : 107559