बेगूसराय। 17 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026’ का शुभारंभ हुआ। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण एवं शहरी के तहत ट्रैफिक चौक से बस स्टैंड तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान कर सड़क और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।
अभियान में जिलाधिकारी रिची पांडेय, नगर निगम की महापौर पिंकी देवी, उप महापौर अनीता राय, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी शामिल हुए। अधिकारियों ने सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
हर नागरिक की जिम्मेदारी है स्वच्छता: जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घर, बाजार, आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों to को स्वच्छ रखने की अपील की।
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ ठोस और तरल कचरे के उचित प्रबंधन पर जोर दिया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक लक्षित स्वच्छता इकाई (CTU) का चयन किया जाएगा। बाजार, मुख्य मार्ग, तालाब, नदी घाट, धार्मिक और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता गतिविधियां होंगी।
विद्यालयों में ‘स्वच्छ पाठशाला–युवा फॉर स्वच्छता’ कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं को कचरे के चार-तरफा स्रोत पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त व्यवहार और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सम्मान पर भी जोर:
अभियान के तहत ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किए जाएंगे। इसमें सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच के साथ उन्हें और उनके परिवारों को स्वास्थ्य बीमा, आयुष्मान कार्ड, आवास और राशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
जनभागीदारी बढ़ाने के लिए घर-घर जागरूकता अभियान, स्वच्छता संवाद, रैली, प्रभात फेरी, साइकिल और मोटरसाइकिल मार्च तथा स्वच्छता चौपाल आयोजित होंगे। ‘स्वच्छता से समृद्धि’ की अवधारणा के तहत Reduce, Reuse और Recycle यानी RRR गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। पुराने कपड़े और पुस्तकों के दान, कबाड़ से उपयोगी वस्तुओं के निर्माण तथा जैविक कचरे से कम्पोस्ट बनाने जैसी गतिविधियां होंगी।
अभियान के तहत 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलेगा। 1 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान होगा। वहीं, 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर ग्राम सभाएं, स्वच्छता शपथ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की निगरानी के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति गठित की गई है। स्वच्छता कार्यों की ‘Before’ और ‘After’ तस्वीरें निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। इसमें समुदाय की वास्तविक और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।






Total views : 106549