बेगूसराय। 16 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ बेगूसराय जिला को बाढ़ और सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने समेत 12 सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार को बेगूसराय समाहरणालय के दक्षिणी द्वार पर धरना दिया। इसकी अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने की। धरने में जिले के विभिन्न प्रखंडों के पार्टी पदाधिकारी, प्रखंड व पंचायत अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
धरने को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि जिले के शाम्हो, मटिहानी, बलिया, साहेबपुर कमाल, तेघड़ा, बरौनी और बछवाड़ा प्रखंड के साथ बेगूसराय नगर निगम के दर्जनों वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं, उनके अनुसार जिले के शेष प्रखंडों में सुखाड़ की स्थिति है। उन्होंने पूरे जिले को बाढ़ और सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने की मांग की।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए कई मांगें: राजद ने बाढ़ प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मती और ऊंचाई बढ़ाने की मांग की। मटिहानी प्रखंड की गौरगामा पंचायत के कौवाकोल के पास पुल निर्माण, बरौनी फ्लैग ढाला के पास निर्माणाधीन पुल को जल्द पूरा करने और बाढ़ प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने में पारदर्शिता की मांग भी उठाई गई।
पार्टी ने कहा कि पिछले वर्ष बाढ़ से प्रभावित हजारों लोगों के नाम सूची में नहीं जुड़ पाए थे। इस बार सूची तैयार करते समय किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। बांध में रिसाव के कारण जलमग्न हुए गांवों को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की गई।
बरौनी स्थित पेप्सी प्लांट को लेकर भी राजद ने सवाल उठाया। पार्टी ने प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि समझौते के अनुसार पानी की व्यवस्था गंगा नदी से होनी थी, लेकिन भूखंड से पानी निकाला जा रहा है। राजद ने इस पर रोक लगाने और प्लांट में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की।
ट्रैफिक व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर रोक की मांग: राजद ने एनएच-28 के मोती चौक, बागड़ाडीह, तेघड़ा चौक और बछवाड़ा झमटिया ढाला पर ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की। पार्टी का कहना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा तेघड़ा नगर परिषद के वार्ड संख्या 6 की निवासी पर्चाधारी कौशल्या देवी उर्फ सुशीला देवी के मामले में न्याय दिलाने, सूखा नशा पर रोक लगाने और जिला श्रम अधीक्षक कार्यालय सहित प्रखंड कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई।
धरने को संबोधित करते हुए बिहार विधान परिषद सदस्य डॉ. उर्मिला ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार पर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकारें जनतंत्र और संविधान के लिए खतरा हैं। यह उनका राजनीतिक वक्तव्य था।
धरने के बाद राजद प्रतिनिधिमंडल ने 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन महामहिम राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को सौंपा। राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि मांगों को लेकर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
धरने में जिला उपाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह, जिला प्रवक्ता श्याम प्रसाद दास, कैलाश यादव, सहजानंद यादव, सुमन पासवान, शिवजी महतो, रामानंद प्रसाद, गंगाराम महतो, जयकांत यादव, अब्दुल जब्बार, सुमित कुमार, मकबूल आलम, मासूम खान, फैजू रहमान, शिव शंकर सिंह चंद्रवंशी, शिवकुमार यादव, सुनील यादव, जियाउर रहमान, प्रभु यादव, महावीर यादव, रीना जायसवाल, हदीसा खातून, जगदीश दास, संजीत पासवान, नरेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Total views : 106440