बेगूसराय। 16 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार को मिशन शक्ति योजना के तहत बेगूसराय सदर अनुमंडल परिसर में संचालित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के माध्यम से संचालित मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। डीएम ने जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
महिलाओं और बालिकाओं को समय पर मिले सहायता:
जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन, जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन, नारी अदालत, पालनाघर और सामाजिक पुनर्वास कोष के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को मिल रही सेवाओं की भी समीक्षा की।
डीएम ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न के मामलों में त्वरित सहायता के लिए 181 महिला हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद महिलाएं इस सेवा के माध्यम से समय पर सहायता और परामर्श प्राप्त कर सकें, इसके लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है।
जिले में लिंगानुपात में सुधार के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। डीएम ने स्वास्थ्य संस्थानों, अल्ट्रासाउंड और जांच केंद्रों पर PCPNDT Act के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए विभागों के बीच समन्वय और प्रभावी निगरानी पर भी जोर दिया गया।
बाल विवाह रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर:
जिलाधिकारी ने बाल विवाह की रोकथाम को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने बाल विवाह की संभावना वाले संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां सघन जागरूकता अभियान चलाने को कहा। बाल विवाह से जुड़े मामलों में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि महिला और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र और जरूरतमंद लोगों तक सेवाएं प्रभावी ढंग से पहुंचें। अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) रश्मि कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम डॉ. अनुजा कुमारी सहित वन स्टॉप सेंटर और जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन के कर्मी मौजूद रहे।





Total views : 106444