लायंस क्लब ऑफ बेगूसराय, IMA और SOTTO बिहार के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
बेगूसराय। 13 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से रविवार को लायंस क्लब ऑफ बेगूसराय द्वारा IMA बेगूसराय के सहयोग एवं स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO), बिहार के संयुक्त तत्वावधान में प्रभात फेरी एवं जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लेकर अंगदान को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।

नारों के साथ निकली प्रभात फेरी: प्रभात फेरी सुबह 7 बजे मस्करा धर्मशाला, नौरंगा पूल से शुरू हुई। इसके बाद यह काली स्थान और टी.वी. टावर होते हुए IMA हॉल, परमिला चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान लायंस क्लब के सदस्यों, IMA एवं IDA के चिकित्सकों, मारवाड़ी सम्मेलन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने बैनर और पोस्टर के साथ हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने “अंगदान महादान है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया।
SOTTO बिहार के चेयरमैन ने बताई अंगदान की प्रक्रिया: प्रभात फेरी के बाद सुबह 10:30 बजे IMA हॉल में अंगदान जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार के मुख्य वक्ता SOTTO बिहार के चेयरमैन प्रो. डॉ. मनीष मंडल रहे।उन्होंने अंगदान की प्रक्रिया, इससे जुड़ी भ्रांतियों और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंगदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अंगदान का संकल्प लेने की अपील की। प्रो. डॉ. मनीष मंडल ने PPT के माध्यम से विभिन्न अंगों के दान की प्रक्रिया, उससे संबंधित जरूरी जानकारी और अंगदान से कितने लोगों को जीवनदान मिल सकता है, इसके बारे में भी विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि एक अंगदाता कई जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

नेत्रदान को लेकर भी किया गया जागरूक: कार्यक्रम में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आयुषी ने नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नेत्रदान भी महादान है और वर्तमान समय में कॉर्निया की मांग काफी अधिक है, जबकि इसकी उपलब्धता अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने लोगों से मृत्यु के बाद नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए बताया कि एक नेत्रदाता की आंखों से दो जरूरतमंद लोगों को दृष्टि मिल सकती है। इससे किसी व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाने का अवसर मिलता है।

चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता: कार्यक्रम की अध्यक्षता IMA सचिव डॉ. पंकज कुमार ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लायंस क्लब के सचिव ला. सुमित अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर लायंस क्लब, IMA, IDA एवं मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ला. रवि रुंगटा, ला. संजीव मस्करा, ला. शंभू मेगोतिया, ला. मनोज हिसारिया, ला. अभिषेक सिंह, ला. रवि मस्करा, ला. पवन मस्करा, ला. प्रेम मेगोतिया, ला. प्रेम रुंगटा, IMA से डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, डॉ. आयुषी, डॉ. रूपक, डॉ. रमाश्रय, डॉ. शैलेंद्र लाल, IDA अध्यक्ष डॉ. आशीष सुमन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने लोगों से अपील की कि अंगदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने के साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को जीवन का नया अवसर मिल सके।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ भी समाजहित से जुड़े ऐसे जागरूकता अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।





Total views : 105918