बेगूसराय। 12 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए बड़ा खेल आयोजन होने जा रहा है। 14 से 18 सितंबर 2026 तक श्रीकृष्णा इंडोर स्टेडियम, लोहियानगर में ‘हंड्रेड बिहार जूनियर U-17 एवं U-19 स्टेट रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट’ का आयोजन होगा। बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता की मेजबानी बेगूसराय जिला बैडमिंटन एसोसिएशन करेगा।
पांच दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के अलग-अलग जिलों से 150 से अधिक युवा शटलर हिस्सा लेंगे। बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 श्रेणी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राज्य रैंकिंग के लिए महत्वपूर्ण होगा टूर्नामेंट:
यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए सिर्फ मुकाबले का मंच नहीं होगी। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आधिकारिक राज्य रैंकिंग अंक मिलेंगे। ये अंक खिलाड़ियों के लिए आगे नेशनल और ऑल इंडिया रैंकिंग टूर्नामेंट में क्वालीफाई करने में मददगार होंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य बिहार के उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना है। इससे खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी। सभी मुकाबले श्रीकृष्णा इंडोर स्टेडियम के आधुनिक सिंथेटिक कोर्ट पर पेशेवर मानकों के अनुसार खेले जाएंगे।
14 सितंबर को उद्घाटन, 18 को फाइनल और पुरस्कार समारोह: टूर्नामेंट का उद्घाटन 14 सितंबर को श्रीकृष्णा इंडोर स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह में स्थानीय प्रशासन, खेल जगत से जुड़े अतिथि और बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रतियोगिता का समापन 18 सितंबर को फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र के साथ खेल सामग्री से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन से बेगूसराय में बैडमिंटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जिले और बिहार के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच मिलेगा।






Total views : 105830