बेगूसराय। 10 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के लाखो में 10 दिवसीय लोक नृत्य एवं रचनात्मक नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। सुलोचना सामाजिक संस्थान के तत्वावधान में राजकीयकृत मध्य विद्यालय लाखो-सह-उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यशाला में करीब 100 बच्चे भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला एवं जनसंपर्क पदाधिकारी नेहा कुमारी, प्रसिद्ध चित्रकार इंद्र मोहन प्रसाद, केंद्रीय विद्यालय के फाइन आर्ट शिक्षक प्रवीण कुमार, फाइन आर्ट शिक्षक मनीष कौशिक, संस्था की निदेशक प्रीति कुमारी, विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार और संस्थान के सचिव रवींद्र मनोहर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बच्चों को मिलेगा लोक और रचनात्मक नृत्य का प्रशिक्षण: कार्यशाला में बच्चों को लोक एवं रचनात्मक नृत्य का प्रशिक्षण प्रशिक्षक चंदन कुमार, शिवानी कुमारी और विशाल कुमार देंगे।
जिला एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नृत्य और संगीत केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं। ये आज करियर के बेहतर विकल्प भी बन रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कला और संस्कृति से जुड़कर अपनी प्रतिभा निखारने की अपील की।
कला में रोजगार की भी संभावनाएं: प्रसिद्ध चित्रकार इंद्र मोहन प्रसाद ने कहा कि कला भावनाओं और विचारों को व्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में कला का महत्व बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में रोजगार की भी कई संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बच्चों को मंच देने का प्रयास: संस्था के सचिव रवींद्र मनोहर ने कहा कि सुलोचना सामाजिक संस्थान बच्चों की प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। भविष्य में भी बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कार्यशाला के आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय के प्राचार्य और विद्यालय परिवार का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन विशाल कुमार ने किया। धन्यवाद ज्ञापन इंद्र मोहन प्रसाद ने किया।






Total views : 105477