बेगूसराय, 5 सितंबर 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बेगूसराय जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के कैलाशपुर पहुंचकर गंगा नदी से हो रहे कटाव का जायजा लिया और प्रभावित इलाकों में चल रहे प्रशासनिक एवं राहत कार्यों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कैलाशपुर में गंगा नदी के कटाव की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं तेजी से पहुंचाने पर जोर दिया।
इसके बाद आईओसीएल रिफाइनरी टाउनशिप स्थित दिनकर गेस्ट हाउस में बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय वस्त्र मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, बिहार के सहकारिता मंत्री एवं बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री राम कृपाल यादव, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित जिले के विधायक, महापौर, जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। बैठक में मुंगेर एवं खगड़िया के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों को राहत सामग्री, चिकित्सीय सुविधा, पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं त्वरित एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने जरूरत के अनुसार सामुदायिक रसोई संचालित कर बाढ़ प्रभावित एवं जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही प्रभावित इलाकों में प्रशासनिक एवं राहत कार्यों को पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में राहत एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।





Total views : 104331