पंचायती राज योजनाओं की समीक्षा, पंचायत सरकार भवनों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश
बेगूसराय। 5 सितंबर। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने की। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मौजूद रहे।
161 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन की स्वीकृति: बैठक में पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिले की 217 ग्राम पंचायतों में से 161 पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनमें 65 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 85 भवन निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने निर्माणाधीन भवनों के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने को कहा।
31 हजार से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइट का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में निर्धारित 31,030 लाइटों के लक्ष्य के विरुद्ध 30,906 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं।
मंत्री ने इन लाइटों की वास्तविक कार्यशीलता की जांच के लिए रात 9:30 बजे के बाद औचक निरीक्षण कराने का निर्देश दिया। निर्धारित समय पर काम नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और दंड राशि की वसूली करने को भी कहा गया।
977 शिकायतों में 923 का हुआ निष्पादन: सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों की भी समीक्षा हुई। विभाग को कुल 977 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 923 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 54 मामले लंबित हैं। मंत्री ने लंबित मामलों का समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
23 पंचायतों में बनेगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप:
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत जिले की 23 ग्राम पंचायतों में निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनमें दो पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। शेष 21 पंचायतों में भी जल्द निर्माण शुरू कराने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
564 अंत्येष्टि दर्ज, 557 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी: बैठक में शवदाह गृह एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिले के 102 श्मशान घाटों एवं कब्रिस्तानों में अगस्त माह के दौरान 564 अंत्येष्टि दर्ज की गईं। इनमें 557 मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। शेष मामलों के भी शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
पंचायतों की राशि के सदुपयोग पर जोर:15वीं वित्त आयोग और षष्ठम राज्य वित्त आयोग के तहत त्रिस्तरीय पंचायतों को प्राप्त राशि के व्यय की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया। पूर्ण योजनाओं को विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन दर्ज करने को भी कहा गया।
मंत्री ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद जिला अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।






Total views : 104333