बेगूसराय | 07 अगस्त, 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल कार्यालय के क्लर्क सोनू कुमार को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई।
इस घटना के बाद सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया।निगरानी विभाग के डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद ने बताया कि चांदपुरा निवासी दौलती देवी की पुत्री रानी कुमारी की 3 अक्टूबर 2025 को डूबने से मृत्यु हो गई थी। पीड़ित परिवार को आपदा राहत अनुदान के तहत मिलने वाली चार लाख रुपये की सहायता राशि जारी करने के एवज में क्लर्क सोनू कुमार द्वारा पहले कथित रूप से पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई, जिस पर बाद में चार हजार रुपये देने की बात तय हुई।
दौलती देवी के अनुसार, शुरुआत में उनसे 80 हजार रुपये की मांग की गई थी। बाद में रिश्वत की राशि घटाकर पांच हजार रुपये कर दी गई। इसके बाद उन्होंने निगरानी विभाग, पटना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने पर निगरानी विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद शुक्रवार को करीब 12 बजे सदर अंचल कार्यालय में जाल बिछाकर टीम ने क्लर्क सोनू कुमार को चार हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल निगरानी विभाग मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।






Total views : 98818