बेगूसराय | 07 अगस्त | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) बेगूसराय जिला परिषद की विशेष बैठक शुक्रवार को जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में लखनऊ के बाराबंकी में आयोजित होने वाले संगठन के 90वें स्थापना दिवस समारोह में बेगूसराय से दर्जनभर से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने समारोह का पोस्टर भी जारी किया।
राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि आजादी की लड़ाई से लेकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संघर्षरत एआईएसएफ अपने 90 वर्षों के स्वर्णिम इतिहास को याद करेगा। उन्होंने बताया कि समारोह में नई शिक्षा नीति-2020, वीबीएसए विधेयक, नीट प्रश्नपत्र लीक समेत शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर देशव्यापी आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार एवं जिला सचिव सत्यम भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार छात्र-युवाओं के अधिकारों की उपेक्षा कर रही है और शिक्षा व्यवस्था को बचाने के लिए व्यापक छात्र आंदोलन की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान ने कहा कि बिहार सरकार के आदेश के बावजूद कई जिलों में आंदोलनकारी छात्र-युवाओं पर दर्ज मामलों की वापसी और जेल में बंद छात्रों की रिहाई अब तक नहीं हो सकी है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
बैठक में हसमत बालाजी, अंकित कुमार, शाहरूख, तौसीफ, सुमित चौधरी, बिपुल कुमार, बिपीन कुमार, मनीष कुमार, भोला कुमार, धीरज, सुरेंद्र, बबलू कुमार, कन्हैया कुमार एवं साहिल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Total views : 98710