बेगूसराय। 6 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
प्रस्तावित बिहार उच्च शिक्षा विधेयक के विरोध में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (LNMUTA) एवं विश्वविद्यालय महाविद्यालय कर्मचारी संघ के संयुक्त आह्वान पर दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहा। स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह शर्मा महाविद्यालय में महासचिव डॉ. नीलेश कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं अतिथि शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर विधेयक का विरोध दर्ज कराया।
विरोध प्रदर्शन के बाद FUTAB के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार शिक्षक आंदोलन के वरिष्ठ नेता प्रो. कन्हैया बहादुर सिन्हा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक आंदोलन में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा, पटना के नेतृत्व में प्रस्तावित विधेयक के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार इस विधेयक के प्रारूप को वापस नहीं लेती, तब तक विरोध जारी रहेगा।शिक्षक नेताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा से जुड़े किसी भी विधेयक का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता, विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक स्वायत्तता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि शिक्षकों, कर्मचारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन के सुझावों पर गंभीरता से विचार करने के बाद ही कोई नया कानून लागू किया जाए।प्रदर्शन के दौरान सभी प्रतिभागियों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखते हुए कहा कि शिक्षक समुदाय उच्च शिक्षा के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। साथ ही सरकार से प्रस्तावित विधेयक पर पुनर्विचार कर शिक्षकों और कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की गई। इस अवसर पर डॉ. अशोक कुमार, डॉ. संजय भगत, डॉ. विवेक कुमार सिन्हा, डॉ. रुचि जैन, डॉ. अमित कुमार गुंजन, डॉ. विद्यासागर, डॉ. आरुणि कुमार, डॉ. राम विनोद, डॉ. सईदा रहमान, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. महालक्ष्मी, डॉ. रूपेश कुमार, डॉ. गोविंद कुमार पासवान, डॉ. मीरा कुमारी, डॉ. रॉली कुमारी, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. रंजना, डॉ. मो. परवेज, डॉ. रोमाना आफरीन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के इकाई अध्यक्ष मो. अजमल, इकाई सचिव मुकेश कुमार समेत अन्य कर्मियों ने भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई।






Total views : 98482