बेगूसराय | 3 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के बछवाड़ा थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग लड़कों को निरुद्ध किया है। मामले में बछवाड़ा थाना कांड संख्या-261/26 दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया 1 अगस्त 2026 को पीड़िता की परिजनों द्वारा बछवाड़ा थाना में आवेदन दिया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया कि घर के समीप स्थित काली मंदिर के पास 4 वर्षीय बच्ची खेलने गई थी । शाम लगभग 7 बजे बच्ची के चाचा सखिन्द्र महतो उसे गोद में लेकर घर पहुंचे और परिजनों को बताया कि बच्ची के साथ तीन नाबालिग लड़कों ने दुष्कर्म किया है। इस दौरान दो नाबालिग लड़के भाग गए, जबकि एक नाबालिग लड़के को मौके पर पकड़ लिया गया था।
पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित किया तथा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को सूचना दी। महिला पुलिसकर्मी की देखरेख में पीड़ित बच्ची का सदर अस्पताल, बेगूसराय में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तेघड़ा भी मौके पर पहुंचे और पीड़िता के परिजनों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए।
पुलिस ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तेघड़ा के नेतृत्व में बछवाड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नाबालिग लड़कों को निरुद्ध कर लिया है। मामले में बीएनएस की धारा 65(2)/3(5) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।







Total views : 97987