सिमरिया और झमटिया गंगा घाट से जल लाकर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, देर रात तक पूजा-अर्चना और श्रृंगार का चल रहा दौर
बेगूसराय, 3 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सावन माह की पहली सोमवारी पर बेगूसराय जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु सिमरिया और झमटिया गंगा घाट पहुंचकर पवित्र स्नान करने के बाद गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरे दिन मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष गूंजते रहे। हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ को गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।
जिले के हरगिरिधाम मंदिर, कर्पूरी स्थान, काली स्थान, मुंगेरीगंज बाबा महादेव मंदिर सहित सभी प्रमुख शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सावन की पहली सोमवारी को लेकर मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम के समय भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया और आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर रात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और शिव मंत्रों का जाप का दौड़ चल रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
वहीं, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित प्रसिद्ध श्री आदि भूतनाथ मंदिर में भी सावन की पहली सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की। नीमतल्ला श्मशान घाट के समीप स्ट्रैंड बैंक रोड पर स्थित यह प्राचीन शिव मंदिर लगभग 300 से 315 वर्ष पुराना माना जाता है और सावन के दौरान यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
सावन की पहली सोमवारी पर बेगूसराय से लेकर कोलकाता तक शिवभक्ति का उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।







Total views : 97879