बेगूसराय | 2 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राजकीय अयोध्या शिव कुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय सह चिकित्सालय, बेगूसराय का 81वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी एवं मुख्य अतिथि डॉ. नलिनी रंजन सिंह द्वारा भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना तथा संस्थापक अयोध्या प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने महाविद्यालय के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों ने देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी आयुर्वेद का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष महाविद्यालय नए भवन में स्थानांतरित होगा, जिससे इसके विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने महर्षि चरक के विचारों का उल्लेख करते हुए छात्रों से अनुशासित, शांत एवं सकारात्मक वातावरण में अध्ययन करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. नलिनी रंजन सिंह ने कहा कि संस्थापक अयोध्या प्रसाद सिंह ने अपनी पुत्री के नाम पर इस महाविद्यालय की स्थापना कर बेगूसराय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। प्रो. डॉ. जी.पी. शुक्ला ने भी महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, डॉ. अखिलेश जायसवाल एवं उपाधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. दिलीप कुमार वर्मा ने कहा कि इसी महाविद्यालय का छात्र होने के नाते आज यहां उपाधीक्षक एवं जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में सेवा देना उनके लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर डॉ. मुन्ना कुमार, डॉ. विजेंद्र कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. किश्वर सुल्ताना, डॉ. रामनंदन साहनी, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. उर्वशी सिन्हा, डॉ. मनीष कुमार आलोक, डॉ. सुशांत कुमार पांडे, डॉ. नंद कुमार साहनी, डॉ. इंदु कुमारी एवं डॉ. अमलेश कुमार सहित अन्य चिकित्सकों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन एवं शुभकामनाएं दी।






Total views : 97776