बेगूसराय | 31 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जेल में बंद छात्र-युवा आंदोलनकारियों की रिहाई, दर्ज मुकदमों की वापसी तथा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर आईसा, आरवाईए एवं भाकपा (माले) के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को कमलेश्वरी भवन स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय से संकल्प मार्च निकाला गया। झंडा, बैनर और होर्डिंग के साथ निकला मार्च समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन में बदल गया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि बेगूसराय सहित विभिन्न जेलों में बंद आंदोलनकारी छात्रों-युवाओं को शीघ्र रिहा किया जाए। उन्होंने मो. सन्नाउल्ला, अभिषेक कुमार, प्रशांत कुमार, मो. शहनवाज और आदित्य राज की रिहाई की भी मांग की। साथ ही सिवान में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं आईसा के छात्र नेता अजय कुमार और सोनू फर्नाज ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्र-युवा आंदोलन की जीत बताते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवारों को मुआवजा तथा आंदोलनकारियों पर हुई कार्रवाई की जांच की मांग की।
आंदोलनकारियों की रिहाई को लेकर आईसा की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया। कार्यक्रम में विशाल कुमार, संजय ठाकुर, सन्नी कुमार, मो. सैयद सोनवर, किसान महासभा के जिला सचिव बैजू सिंह, अध्यक्ष नवलकिशोर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, चन्द्रदेव वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Total views : 97335