पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बेगूसराय। 28 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बेगूसराय स्थित बीएमपी परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बच्चों ने भाषण, गीत और नृत्य प्रस्तुत कर देशभक्ति, साहस और बलिदान का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीएसएफ-2 की डीएसपी पिंकी कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस उन वीर सैनिकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, देशप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डीएसपी पिंकी कुमारी ने विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह प्रकृति और पर्यावरण की सुरक्षा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपने अभिनय और नृत्य के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर जवानों के साहस और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी अनुशासित एवं आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं, जबकि विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना भी विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है।







Total views : 96807