बेगूसराय | 28 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज
छपरा में ड्यूटी के दौरान दो प्रखंड विकास पदाधिकारियों पर हुए हमले के विरोध में बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर मंगलवार को बेगूसराय जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) ने अपने-अपने कार्यालयों में काला बिल्ला लगाकर कार्य किया। इस दौरान अधिकारियों ने अपने नियमित सरकारी दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्यव्यापी अभियान के प्रति समर्थन और एकजुटता का संदेश दिया। बेगूसराय के सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार, बरौनी बीडीओ अनुरंजन कुमार, वीरपुर बीडीओ पंकज शक्तिधर, साहेबपुर कमाल बीडीओ रवि सिन्हा, चेरियाबरियारपुर बीडीओ निरंजन कुमार सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी इस विरोध कार्यक्रम में शामिल हुए।
दरअसल, गत शनिवार को छपरा में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान छपरा सदर की बीडीओ दृष्टि पाठक एवं रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों अधिकारियों का इलाज क्रमशः पटना स्थित आईजीआईएमएस और मेदांता अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ ने मुख्य सचिव, बिहार सरकार को पत्र भेजकर राज्यभर के बीडीओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई अहम मांगें रखी हैं। संघ ने प्रत्येक प्रखंड कार्यालय में बॉडी प्रोटेक्टर, रॉयट हेलमेट, लेग गार्ड, बॉडी कवच, आर्म्स गार्ड सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बीडीओ के साथ कम-से-कम दो प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की मांग की है। साथ ही इन सुरक्षा कर्मियों को विधि-व्यवस्था संधारण के अलावा कार्यालयीन कार्य, जनसुनवाई, क्षेत्र भ्रमण और अन्य सरकारी दायित्वों के दौरान भी साथ रखने की मांग की गई है।
संघ ने यह भी मांग की है कि ड्यूटी के दौरान किसी बीडीओ के गंभीर रूप से घायल होने पर राज्य सरकार उच्च स्तरीय अस्पताल में सर्वोत्तम उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करे। इसके अलावा ड्यूटी के दौरान घायल अथवा मृत्यु की स्थिति में विशेष क्षतिपूर्ति, पर्याप्त बीमा सुरक्षा तथा आश्रितों को समुचित सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्पष्ट नीति बनाने की भी मांग की गई है।






Total views : 96768