बेगूसराय। 15 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महाकवि कालिदास जयंती एवं ‘वंदे मातरम् अर्धशती’ के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव 2026 के तहत बेगूसराय के रंग अड्डा (प्राइवेट आईटीआई सभागार) में आशीर्वाद रंगमंडल द्वारा युवा निर्देशक सचिन कुमार के निर्देशन में देशभक्ति पर आधारित नाटक ‘ए जर्नी फॉर फ्रीडम‘ का सफल मंचन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा आयोजित देशव्यापी अभियान “युवा रंगमंच से राष्ट्र जागरण” के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बेगूसराय नगर विधायक कुंदन कुमार, श्रीकृष्ण सिंह महिला महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य स्वप्ना सिंह, बाइट कंप्यूटर के निदेशक संजय सिंह, आशीर्वाद रंगमंडल के अध्यक्ष ललन प्रसाद सिंह एवं सचिव डॉ. अमित रौशन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया।

कला और संस्कृति से राष्ट्र निर्माण का संदेश: नगर विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता संग्राम के वीरों की प्रेरणा का गीत रहा है। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और साहित्य विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं तथा आशीर्वाद रंगमंडल जैसे संस्थान राष्ट्रभावना को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

पूर्व प्राचार्य स्वप्ना सिंह ने भारत की विविधता और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन देश की एकता और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाते हैं। वहीं संजय सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है, जो आज भी युवाओं में ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम का संचार करता है।
आशीर्वाद रंगमंडल के अध्यक्ष ललन प्रसाद सिंह ने संस्कृति मंत्रालय एवं संगीत नाटक अकादमी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था के लिए यह गर्व का विषय है कि उसे इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनने का अवसर मिला।

वीर कुंवर सिंह के शौर्य की प्रभावशाली प्रस्तुति: नाटक ‘ए जर्नी फॉर फ्रीडम’ में 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी वीर बाबू कुंवर सिंह के जीवन, संघर्ष और बलिदान को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। नाटक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। वीर कुंवर सिंह की भूमिका में शुभम कुमार ने दमदार अभिनय से दर्शकों को भावुक कर दिया। कृष्णदेव कुमार (अमर सिंह), अरुण कुमार (पीर अली), सोनू कुमार एवं गुड्डू कुमार (अंग्रेज अधिकारी), सचिन कुमार (हरेकृष्ण) तथा बिट्टू कुमार और राम कुमार (कोरस) ने भी प्रभावशाली अभिनय किया।
तकनीकी टीम और कलाकारों का सम्मान: प्रकाश परिकल्पना मोहित मोहन, साउंड डिजाइन सनोज शर्मा, जबकि प्रॉपर्टी की जिम्मेदारी मनोज कुमार, विष्णु कुमार, मंटून कुमार एवं रौशन कुमार ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अभिनेता एवं निर्देशक कुमार अभिजीत ने किया।समापन समारोह में वरिष्ठ रंगकर्मी फ़ैयाज़ुल हक़, हरीश हरिऔध, कुमार अभिजीत, चंदन कुमार सोनू, मोहित मोहन एवं नीरज कुमार सहित सभी कलाकारों को संस्था की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।








Total views : 95114