बेगूसराय | 16 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले के आरोपों को लेकर बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी ने जिला अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास के नेतृत्व में कैंटीन चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल: सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की और चुनावों में धार्मिक भावनाओं का लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि अब जब राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले के आरोप सामने आए हैं, तब केंद्र सरकार इस मुद्दे पर मौन है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीराम के नाम पर जनता से वोट मांग सकते हैं, तो करोड़ों रामभक्तों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देना भी उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पूछा कि सरकार इस मामले की जांच कराने से क्यों बच रही है और देश की जनता को सच्चाई क्यों नहीं बताई जा रही।
पारदर्शी जांच और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग: कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्रति आस्था और विश्वास के आधार पर मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था। यदि उस धन के उपयोग को लेकर किसी प्रकार के गंभीर आरोप लगते हैं, तो सरकार को पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए स्वतंत्र एजेंसी से जांच करानी चाहिए और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता सिद्ध होती है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद: प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष ब्रजेश कुमार प्रिंस, ग्रामीण अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, श्रवण कुमार, मो. अमीनुद्दीन, अमोद कुमार सिंह, निशा शर्मा, रामानुज कुंवर, संजीव कुमार, राकेश कुमार सिंह, मिथिलेश सिंह, रजनीकांत पाठक, गायत्री देवी, सुबोध सिंह, रामानंद सिंह, आलोक कुमार, संजय झा, राहुल सिंह, बाल कृष्ण आजाद, नीतीश कुमार, प्रिंस कुमार, अंकित कुमार सहित जिला कांग्रेस कमिटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।






Total views : 95087