11 से 15 जुलाई तक का कृषि मौसम पूर्वानुमान जारी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
पूसा, समस्तीपुर, 10 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने 11 से 15 जुलाई 2026 तक का मध्यावधि मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी बुलेटिन के अनुसार उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कई स्थानों पर मध्यम बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
11 से 13 जुलाई के बीच सबसे अधिक बारिश की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार समस्तीपुर, सीवान, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में 11 से 13 जुलाई के दौरान मध्यम स्तर की वर्षा होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर 11 और 12 जुलाई को वज्रपात एवं मेघगर्जन की भी संभावना है। इस दौरान किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा: पूर्वानुमान के अनुसार बारिश और बादलों के प्रभाव से अधिकतम तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी।अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बेगूसराय, वैशाली और सीवान जिलों में तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
नमी अधिक, तेज हवा भी चलेगी: सुबह के समय 90 से 95 प्रतिशत तक सापेक्षिक आर्द्रता रहने का अनुमान है। दोपहर बाद आर्द्रता 50 से 55 प्रतिशत तक रह सकती है। इस अवधि में दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
कृषि संबंधी संक्षिप्त सलाह: जहां खेतों में पानी भर गया है, वहां निकासी की व्यवस्था करें। धान की रोपनी एवं खरीफ फसलों की बुवाई मौसम को देखते हुए करें। मक्का, दलहन और तिलहन फसलों में खरपतवार नियंत्रण पर ध्यान दें। आम एवं अन्य बागवानी फसलों में जल निकासी और पौधों की निगरानी रखें। पशुओं को साफ पानी, संतुलित आहार दें तथा बारिश के दौरान उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें






Total views : 94005