पूसा समस्तीपुर, 3 जुलाई। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़:
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (पूसा) के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने 4 से 8 जुलाई 2026 तक का कृषि मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार उत्तर बिहार में अधिकांश समय मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 5 से 7 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना है।
पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। किसानों को हाल की वर्षा का लाभ उठाते हुए 10 से 15 जुलाई तक धान की अगात किस्मों की बुआई करने तथा बीज उपचार के बाद ही बुआई करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा खरीफ प्याज की नर्सरी तैयार करने, मक्का की बुआई शीघ्र पूरी करने, ऊँची भूमि पर तिल, अरहर, रागी एवं कौनी जैसी फसलों की खेती करने की अनुशंसा की गई है। पशुपालकों को भी गलघोटू, लंगड़ा बुखार, खुरपका-मुंहपका (FMD) और लंपी स्किन डिजीज (LSD) से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण कराने की सलाह दी गई है।






Total views : 92849