वीबीएसए बिल और एनईपी का विरोध, शिक्षा, अपराध और नशामुक्ति समेत कई मुद्दों पर सरकार व प्रशासन को घेरा
बेगूसराय। 3 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के बैनर तले शुक्रवार की शाम बेगूसराय में मशाल जुलूस निकालकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) और वीबीएसए बिल को वापस लेने की भी मांग उठाई। यह मशाल जुलूस टाउन हॉल से शुरू होकर नगर निगम चौक, नवाब चौक होते हुए कैंटीन चौक तक निकाला गया।शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवालमशाल जुलूस के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति और वीबीएसए बिल से शिक्षा महंगी होगी और आम छात्रों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। संगठन ने इन नीतियों को वापस लेने की मांग की।
अपराध और नशे पर भी जताई चिंता: अमीन हमजा ने कहा कि बेगूसराय को अपराध और नशे की गिरफ्त में जाने से बचाने के लिए जिला प्रशासन को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने गांव-गांव और टोला-टोला में जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना: एआईएसएफ के जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार, जिला सचिव सत्यम भारद्वाज और राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान ने संयुक्त रूप से कहा कि जिले में अपराध और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी चिंता का विषय है। उन्होंने बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग दोहराते हुए युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
दिल्ली की घटना का भी किया विरोध: सभा में वक्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर एआईएसएफ के पुस्तक स्टॉल हटाए जाने और भगत सिंह, डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा छत्रपति शिवाजी से संबंधित पुस्तकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की भी निंदा की। इसे महान क्रांतिकारियों के विचारों का अपमान बताते हुए संगठन ने विरोध दर्ज कराया।
सैकड़ों छात्र हुए शामिल: मशाल जुलूस का नेतृत्व जिला सचिव सत्यम भारद्वाज और शादाब खुर्शीद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर एआईएसएफ के जिला उपाध्यक्ष बसंत कुमार, हसमत बालाजी, सिराज, अंकित कुमार, बिपिन कुमार, शाहरूख इकबाल, रविभूषण, शाहजहां सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। (नेशनल पॉजिटिव न्यूज़)







Total views : 92938