मुंगेर, 22 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार State AIDS Control Society (BSACS) के मार्गदर्शन एवं परिधि भारती संस्था के सहयोग से मुंगेर जिले के ग्रामीण तथा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में समेकित स्वास्थ्य शिविर (Integrated Health Camp-IHC) आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन तक उनके निकट स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार सेवाएं पहुंचाना है।
शिविरों में एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही सामान्य बीमारियों की पहचान, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाओं का वितरण तथा जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
24 जून को होगी जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक: समेकित स्वास्थ्य शिविरों के सफल संचालन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए 24 जून 2026 को सिविल सर्जन, मुंगेर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समेकित स्वास्थ्य शिविर समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जीविका, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, डीएपीसीयू तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। शिविरों के आयोजन, सामुदायिक सहभागिता और लक्षित आबादी तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।
दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर जोर: सिविल सर्जन ने सभी विभागों एवं हितधारकों से शिविरों के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस पहल से दूरस्थ एवं वंचित समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़







Total views : 91206