बेगूसराय, 21 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरौनी टाउनशिप स्थित जुबली हॉल में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रिफाइनरी के अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने किया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजारिका, मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) एस. के. सरकार, मुख्य महाप्रबंधक (टीएस एवं एचएसई) हंसराज गणवीर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बीटीएमयू, ऑफिसर्स एसोसिएशन, विप्स, कल्याण केंद्र के प्रतिनिधियों तथा कर्मचारियों के परिवारजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
योग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा भारती एवं उनके सहयोगियों जयंत आनंद और कोमल ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं ब्रह्मकुमारी संस्था की स्वीटी ने विशेष ध्यान सत्र का संचालन कर मानसिक शांति एवं आत्मिक संतुलन का संदेश दिया।
अपने संबोधन में सत्य प्रकाश ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन को संतुलित करने वाली एक जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण परिस्थितियों में योग मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में 200 से अधिक कर्मचारियों एवं महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने गर्दन व्यायाम, कंधों की गतिशीलता, वज्रासन, ताड़ासन, सर्पासन, प्राणायाम तथा नाड़ी शोधन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। अंत में शवासन एवं सामूहिक प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। बरौनी रिफाइनरी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। रिफाइनरी प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रित कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।







Total views : 98367