बेगूसराय। 18 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
राज्य सरकार के निर्देश पर बेगूसराय सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को लगातार तीसरे दिन सहयोग शिविर सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराना था। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों से आवेदन और शिकायतें प्राप्त की गईं। कुल 127 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार ने उपस्थित लोगों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी विभागों को प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। जिला प्रशासन ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को प्रखंड स्तर पर ही विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा शिकायतों के प्रभावी निवारण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







Total views : 90681