मुंगेर, 13 जून 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महिला स्वयं सहायता समूह (SHG) द्वारा गठित समुदाय आधारित संगठन परिधि भारती को बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) द्वारा एचआईवी नियंत्रण अभियान के तहत प्रथम 95 लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मुंगेर जिला आवंटित किया गया है। प्रथम 95 लक्ष्य का उद्देश्य संभावित एचआईवी संक्रमित 95 प्रतिशत व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें उनके संक्रमण की स्थिति से अवगत कराना है। परिधि भारती वर्तमान में लखीसराय एवं शेखपुरा जिलों में एचआईवी नियंत्रण के लिए लक्षित हस्तक्षेप (Targeted Intervention) परियोजना का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। अब संस्था मुंगेर जिले में भी समेकित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से एचआईवी जांच एवं जागरूकता कार्यक्रम को गति देगी। संस्था की सचिव पिंकी कुमारी ने बताया कि मुंगेर जिले में स्वास्थ्य शिविरों के संचालन की प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में आज जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी के साथ बैठक कर कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समेकित स्वास्थ्य शिविर समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में शिविर संचालन के लिए माइक्रोप्लान को अंतिम रूप देकर उसकी स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, सामुदायिक संगठनों एवं अन्य हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा। संस्था का मानना है कि समेकित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक एचआईवी जांच, परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर संक्रमण की समय पर पहचान और नियंत्रण में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जा सकेगी।:






Total views : 89993