बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के सरस्वती संस्कृत उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षाविद् डॉ प्रशांत कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा भूटान की राजधानी थिंपू में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में “भारत-भूटान शांति रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच ने आधिकारिक पत्र जारी कर डॉ. प्रशांत कुमार को आमंत्रण एवं सम्मान की सूचना दी है। जारी पत्र के अनुसार भारत-भूटान शांति एवं मैत्री संघ 1949 के अंतर्गत भूटान सरकार के पूर्व वित्त मंत्री लोकनाथ शर्मा के मार्गदर्शन में आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर थिंपू शहर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बताया गया है कि मंच की इस वैश्विक कार्ययोजना को विश्व के 25 देशों का नैतिक समर्थन प्राप्त है। समारोह का उद्देश्य भारत और भूटान के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक मजबूत करना तथा भारत की वैदिक सांस्कृतिक परंपराओं को वैश्विक स्तर पर पुनर्जीवित करना है।
कार्यक्रम में विभिन्न देशों से आमंत्रित प्रतिभागी भारत की शक्ति, प्रतिष्ठा, पंचशील सिद्धांत, विश्व बंधुत्व और सांस्कृतिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।समारोह के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध विधिवेता डॉ. एच. सी. गणेशिया ने बताया कि डॉ. प्रशांत कुमार को “वसुधैव कुटुंबकम्”, “ग्लोबल विलेज” तथा “सत्यम शिवम सुंदरम” जैसी मानवीय अवधारणाओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह विश्व बंधुत्व एवं वैश्विक समरसता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
डॉ. प्रशांत कुमार को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किए जाने की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार एवं शुभेच्छुओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के वरीय शिक्षक सुरेश पाठक, पूनम ठाकुर, शिवम कुमार, कविता कुमारी, नयन कुमारी, अर्चना कुमारी, रानी कुमारी, कृतिका कुमारी, सोनाक्षी कुमारी, गौरव दीक्षित एवं ज्योति कुमारी सहित कई शिक्षकों और शुभचिंतकों ने मोबाइल के माध्यम से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






Total views : 87273