बेगूसराय, 19 मई, 2026, नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ नवजात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने बेगूसराय जिले के बछवाड़ा एवं सदर प्रखंड में ‘PPC गर्भधारण पूर्व देखभाल’ पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। यह कार्यक्रम सुरक्षित मातृत्व आश्वासन योजना के तहत संचालित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं योग्य दंपतियों को गर्भधारण से पहले आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर जागरूक बनाना है, ताकि गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं को कम किया जा सके।
आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पहुंचाई जा रही जानकारी: कार्यक्रम के तहत 15 से 49 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं और योग्य दंपतियों तक आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा रही है। जिले में JHPIEGO संस्था के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज कुमार जायसवाल एवं कार्यक्रम समन्वयक संजीव घोष द्वारा बछवाड़ा और बेगूसराय सदर प्रखंड की आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण में स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर: प्रशिक्षण के दौरान फोलिक एसिड सेवन, रक्ताल्पता (एनीमिया) जांच, गर्भवती महिलाओं की निगरानी, प्रसव पूर्व देखभाल तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षकों ने बताया कि सुरक्षित गर्भधारण मां और शिशु दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। समय रहते स्वास्थ्य जांच और उचित देखभाल से कई गंभीर समस्याओं को रोका जा सकता है।
जानकारी के अभाव में बढ़ती हैं जटिलताएं: जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रिया बसंत ने बताया कि जानकारी के अभाव में गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को एनीमिया, उच्च रक्तचाप और अन्य जटिल स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर इन समस्याओं की पहचान कर उचित देखभाल की जाए तो मां और बच्चे दोनों को स्वस्थ रखा जा सकता है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगा लाभ: जिला सामुदायिक उत्प्रेरक ऋषिकेश कुमार एवं प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक अमरजीत सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान से नवजात शिशुओं में कुपोषण, कम वजन और अन्य बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही महिलाओं को प्रसवपूर्व, प्रसवकालीन एवं प्रसवोत्तर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है।







Total views : 87272