बेगूसराय, 19 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मंगलवार को बेगूसराय जिले के 18 प्रखंडों की 24 ग्राम पंचायतों में प्रथम सहयोग शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों की सुनवाई कर उनके त्वरित निष्पादन की दिशा में कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी, ताकि प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का 10 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। जिले भर में आयोजित शिविरों की अध्यक्षता 24 वरीय अधिकारियों ने की।

पिपरा देवस पंचायत में डीएम की अध्यक्षता में हुआ शिविर: बरौनी प्रखंड अंतर्गत पिपरा देवस पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की। शिविर का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बिहार सरकार के सहकारिता विभाग के मंत्री सह प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित कई जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। पिपरा देवस पंचायत में शिविर से पूर्व विभिन्न विभागों से संबंधित 113 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया गया। डीएम ने ग्रामीणों की शिकायतों को सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने तीन पंचायतों में की शिकायतों की समीक्षा: प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव ने बरौनी प्रखंड के पिपरा देवस पंचायत के अलावा तेघड़ा प्रखंड के पिढ़ौली एवं मटिहानी प्रखंड के रामदीरी-4 पंचायत में आयोजित शिविरों में भाग लिया। उन्होंने आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं उद्योग विभाग के सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव कुंदन कुमार ने बेगूसराय प्रखंड के मोहनपुर, चेरियाबरियारपुर के कुंभी तथा नावकोठी के महेशवाड़ा पंचायत में आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया।

2036 आवेदन प्राप्त, 1360 मामलों का निष्पादन: जिले में आयोजित सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 2036 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1360 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 669 मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन द्वारा ऑफलाइन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है। शिविरों के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। सामान्य प्रशासन विभाग के 156 मामलों, राजस्व विभाग के 400 मामलों तथा पेंशन एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े 151 मामलों का निष्पादन कर लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
राशन कार्ड से लेकर दाखिल-खारिज तक के आवेदन: सहयोग शिविरों में राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज और रसीद निर्गत करने सहित विभिन्न लोक सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। बड़ी संख्या में मामलों का समाधान शिविर के दिन ही कर लाभुकों को आवश्यक प्रमाण पत्र एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासन एवं आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में शिकायतों के समाधान के साथ सरकारी सेवाओं की सुलभ एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।







Total views : 86905