बेगूसराय, 17 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो महत्वपूर्ण घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एक ओर नावकोठी थाना पुलिस ने लूटकांड में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है, वहीं साहेबपुरकमाल थाना पुलिस ने कथित अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
नावकोठी में लूटकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार : पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2025 को ग्राम गौरीपुर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने संतोष कुमार से हथियार का भय दिखाकर 55 हजार रुपये एवं सोने की चेन लूट ली थी। इस संबंध में नावकोठी थाना कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस मामले में शामिल गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर विशाल कुमार और धर्मवीर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार अपराधियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई में जुटी हुई है।
साहेबपुरकमाल में अपहरण मामला निकला गलत: वहीं साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के ग्राम फुलमलिक स्थित ईंट भट्ठा मालिक से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने एवं राहुल कुमार के अपहरण की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।पुलिस ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बलिया एवं साहेबपुरकमाल थाना की टीम के सहयोग से राहुल कुमार को खगड़िया रेलवे स्टेशन से बरामद किया। पूछताछ एवं तकनीकी अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि राहुल कुमार का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और वह उससे मिलने फुलमलिक गांव गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे देख लिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने ईंट भट्ठा पर पहुंचकर मारपीट की।पुलिस जांच में अपहरण की बात गलत पाई गई। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






Total views : 86513