बेगूसराय, 16 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने बेगूसराय के एसबीएसएस (SBSS) कॉलेज परिसर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन सुबह करीब 11 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व एसबीएसएस कॉलेज अध्यक्ष अंकित कुमार एवं एनएसयूआई छात्र नेता नीतीश कुमार ने किया। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि देशभर के लगभग 22 लाख अभ्यर्थियों ने कठिन मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा दी थी, लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कथित लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण पेपर लीक की घटना सामने आई, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
छात्र नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नेताओं ने कहा कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से छात्रों का भरोसा कमजोर हो रहा है।
एनएसयूआई के उपाध्यक्ष बालकृष्ण आजाद ने कहा कि सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है, लेकिन जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं हो पाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि संगठन देशभर के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में विरोध प्रदर्शन जारी रखेगा।
प्रदर्शन में मौजूद छात्रों और कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और छात्र मौजूद रहे।






Total views : 86376