बेगूसराय, 09 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बेगूसराय जिले का क्षेत्र भ्रमण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एवं अवसंरचना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने 220/132/33 केवी ग्रिड सबस्टेशन तथा 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र जीरो माइल का निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में ऊर्जा सचिव ने विद्युत उपकरणों के रख-रखाव, सुरक्षा मानकों एवं संचालन व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत अवसंरचना को मजबूत बनाए रखने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

ऊर्जा सचिव ने ग्रिड एवं विद्युत उपकेंद्रों के तकनीकी संचालन की जानकारी भी प्राप्त की और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया। इसके बाद समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की उपस्थिति में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में एचटी (HT) नए विद्युत संबंध, बिजली आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर पैनल स्थापना, राजस्व संग्रहण तथा विद्युत ऊर्जा चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई।ऊर्जा सचिव ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा बिजली चोरी के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने एवं विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में महाप्रबंधक (राजस्व), मुख्य अभियंता (वाणिज्य), विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत कार्यपालक अभियंता बेगूसराय, बरौनी एवं खगड़िया सहित विद्युत विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 85249