बेगूसराय, 09 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
कला एवं संस्कृति विभाग, बेगूसराय द्वारा बेगूसराय संग्रहालय में आयोजित 5 दिवसीय मूर्तिकला (टेराकोटा) कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 52 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मूर्तिकला की बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए कुल 112 कलाकृतियों का निर्माण किया। पाँच दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को मिट्टी तैयार करने की प्रक्रिया, मूर्तिकला उपकरणों के उपयोग तथा कल्पनाओं को कलात्मक रूप देने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

समापन दिवस पर छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में बच्चों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने गिटार वादक केशव कुमार के साथ बच्चों को स्वर अभ्यास कराया और लोकगीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक मनीष कौशिक, वरिष्ठ चित्रकार इन्द्रमोहन प्रसाद, विजय सिन्हा एवं गिटार वादक केशव कुमार को छात्र-छात्राओं द्वारा अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यशाला ने बच्चों के भीतर कला एवं संस्कृति के प्रति नई रुचि और सृजनात्मक सोच को प्रोत्साहित किया।







Total views : 85250