पटना, 07 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली NDA सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार संपन्न हुआ। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कुल 32 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और वंदे मातरम् के साथ हुई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, NDA के वरिष्ठ नेता तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय स्तर के नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
बीजेपी और JDU को मिला सबसे अधिक प्रतिनिधित्व: कैबिनेट विस्तार में बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड (JDU) को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मिला। बीजेपी कोटे से 15 जबकि JDU कोटे से 13 नेताओं को मंत्री बनाया गया। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, इस विस्तार के जरिए NDA ने सामाजिक संतुलन, युवा नेतृत्व और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है। कई नए चेहरों को शामिल कर सरकार ने युवाओं को अवसर देने का संकेत भी दिया है।
पहली बार मंत्री बने निशांत कुमार: इस कैबिनेट विस्तार का सबसे चर्चित चेहरा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार रहे, जिन्होंने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली। बताया जा रहा है कि JDU नेतृत्व के साथ लंबी चर्चा के बाद उन्होंने सरकार में शामिल होने पर सहमति दी। उनके मंत्री बनने को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा रही।
बीजेपी कोटे से इन नेताओं ने ली शपथ: बीजेपी कोटे से राम कृपाल यादव, केदार प्रसाद गुप्ता, नीतीश मिश्रा, विजय कुमार सिन्हा, संजय सिंह ‘टाइगर’, रमा निषाद, नंद किशोर राम, इंजीनियर शैलेन्द्र, मिथिलेश तिवारी, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, अरुण शंकर प्रसाद, श्रेयसी सिंह और रामचंद्र प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली।
JDU कोटे से बने मंत्री: JDU की ओर से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, मदन सहनी, लेसी सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान, निशांत कुमार, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल तथा अन्य नेताओं को मंत्रिमंडल में जगह दी गई।
सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व: सहयोगी दलों की ओर से HAM के डॉ. संतोष कुमार सुमन, LJP (रामविलास) के संजय पासवान एवं संजय सिंह तथा RLM के दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया।
विभागों का हुआ बंटवारा: शपथ ग्रहण के बाद देर शाम मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और चुनाव जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं।वहीं विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन एवं संसदीय कार्य, बिजेंद्र प्रसाद यादव को वित्त, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, विजय कुमार सिन्हा को कृषि तथा निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। नीतीश मिश्रा को नगर विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी, राम कृपाल यादव को सहकारिता, मदन सहनी को मद्य निषेध, श्रेयसी सिंह को उद्योग एवं खेल तथा दीपक प्रकाश को पंचायती राज विभाग सौंपा गया है।
प्रमुख मंत्रियों और विभागों की सूची:
सम्राट चौधरी — गृह, सामान्य प्रशासन, निगरानी
विजय कुमार चौधरी — जल संसाधन, संसदीय कार्य
बिजेंद्र प्रसाद यादव — वित्त एवं वाणिज्य-कर
श्रवण कुमार — ग्रामीण विकास एवं जनसंपर्क
विजय कुमार सिन्हा — कृषि
डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल — राजस्व एवं भूमि सुधार
निशांत कुमार — स्वास्थ्य
लेसी सिंह — भवन निर्माण
राम कृपाल यादव — सहकारिता
नीतीश मिश्रा — नगर विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी
दामोदर रावत — परिवहन
संजय सिंह टाइगर — उच्च शिक्षा एवं विधि
श्रेयसी सिंह — उद्योग एवं खेल
दीपक प्रकाश — पंचायती राज
मदन सहनी— मद्य निषेध,






Total views : 85039